26 जनवरी स्टेडियम में मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस:तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों की ली बैठक

जिले में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की पूर्व तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. गवांडे ने समारोह स्थल शाह पूंजाजी गेनाजी स्टेडियम परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही राजकीय कार्यालयों में सजावट एवं रोशनी की व्यवस्था, समारोह में भाग लेने वाले प्रतिभागियों व आगंतुकों के लिए पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जिला स्तरीय सम्मान होगा बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश मेवाड़ा ने जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित सभी कार्यक्रमों को उत्साह एवं अनुशासन के साथ आयोजित किया जाए। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न राजकीय विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों को जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारी निर्धारित आवेदन पत्र में अनुशंसा सहित प्रस्ताव समय पर भिजवाएं। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, पुलिस उप अधीक्षक गौतम जैन, जालोर उपखंड अधिकारी मनोज, तहसीलदार रणवीर सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी, कोषाधिकारी भूपेंद्र मकवाना, सहायक वन संरक्षक भंवर सिंह सोढ़ा सहित गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *