जयपुर में यूके की कंजरवेटिव पार्टी के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की कार्रवाई सही थी। भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान को बुरी तरह हराया। वहीं बॉब ने पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत को सौंपने की पैरवी की। पाकिस्तान ने कश्मीर के एक हिस्से पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। उस हिस्से पर भारत का ही अधिकार है। पाकिस्तान ने जिस क्षेत्र पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, उसे भारत को सौंपा जाना चाहिए। पाकिस्तान को इस इलाके में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देना रोकना चाहिए। बॉब ने कहा- कश्मीरी पंडितों के साथ अत्याचार हुआ। उन्हें जबरदस्ती भगाया गया। कश्मीरी पंडितों को वापस बसाया जाना चाहिए। जयपुर के दैनिक भास्कर कार्यालय में सोमवार को विशेष बातचीत में बॉब ने कहा- महाराजा हरिसिंह के समय जो जम्मू-कश्मीर का क्षेत्र था। वही स्वरूप अब वापस होना चाहिए। वह इलाका फले-फूले और स्थायी रूप से वहां शांति रहे। धारा 370 हटाना अच्छा फैसला, इससे सबको समानता का अधिकार मिला
बॉब ब्लैकमैन ने कश्मीर से धारा 370 हटाने के फैसले का समर्थन करते हुए कहा- यह अच्छा कदम है। आर्टिकल 370 को हटाना और सबको समानता का अधिकार देना अच्छा कदम है। धारा 370 हटाकर वहां महिलाओं को अधिकार मिले हैं। महिलाओं को इसके जरिए प्रॉपर्टी खरीदने का अधिकार मिला है। सबको समानता का अधिकार मिला है। कश्मीर में हर क्षेत्र में भारी संभावनाएं, कश्मीर में पहले से सुरक्षा अच्छी हुई
बॉब ने कहा- मैंने भी श्रीनगर का दौरा किया। कश्मीर में हर क्षेत्र में भारी संभावना है। वहां हैंडीक्राफ्ट में व्यापक संभावनाएं हैं। हाइड्रोलिक पावर में संभावनाएं हैं। कश्मीर बहुत ही सुंदर जगह है। वहां पर्यटन क्षेत्र में आगे डवलप करने की भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा- कश्मीर में अब सुरक्षा और अच्छी हुई है। कश्मीर पहले से बेहतर हुआ है। जम्मू-कश्मीर अब लगातार समृद्ध बनेगा। धारा 370 हटने के बाद कश्मीर में लोकतंत्र की भागीदारी बढ़ी है। कश्मीर में विकास की रफ्तार तेज हुई। जम्मू-कश्मीर में हुए पंचायत चुनाव में 70 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने वोटिंग में हिस्सा लिया। ऑपरेशन सिंदूर में भारत की कार्रवाई सही, पाकिस्तान को बुरी तरह हराया
बॉब ने ऑपरेशन सिंदूर पर भारत का समर्थन करते हुए कहा- ऑपरेशन के दौरान भारत की कार्रवाई एकदम सही थी। पाकिस्तानी आतंकवादियों ने भारतीय इलाके में निर्दोष लोगों की हत्याएं कीं, वो आतंकी घटना अस्वीकार्य थी। भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान को बुरी तरह हराया। अपनी सुरक्षा के लिए एक्शन लेना भारत का अधिकार था। भारत के पास वह क्षमता है कि पाकिस्तान की एयरफोर्स को हरा सके और उसको एलिमिनेट कर सके। जो एक्शन लिया गया, वह पाकिस्तान को दंडित करने के लिए पर्याप्त था। मादुरो लोकतांत्रिक तरीके से चुने हुए राष्ट्रपति नहीं थे, ट्रंप की कार्रवाई सही
वहीं वेनेजुएला में अमेरिकी सेना की कार्रवाई में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को ले जाने और वहां कब्जा करने के मामले में बॉब ब्लैकमैन ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुने हुए राष्ट्रपति नहीं थे। वे पूरे रीजन में ड्रग कार्टेल चलवा रहे थे। पूरे रीजन में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे। दक्षिण अमेरिका के इलाकों से ऐसी गतिविधियां चलाने वालों के लिए प्रत्यर्पण संध्या नहीं थी। इसलिए अमेरिका ने यह कार्रवाई की। वहां की सरकार ने लोगों को लूटा है। अब वेनेजुएला में लोकतांत्रिक तरीके से सरकार बनाएं। बॉब ने कहा- दुनिया के लोकतांत्रिक देशों में चुनाव से नेता चुने जाते हैं, ऐसा वहां नहीं था। वेनेजुएला ड्रग ट्रैफिकिंग में शामिल था। लैटिन अमेरिका के इस रीजन में कोलंबिया भी दूसरा देश है, जो ड्रग ट्रैफिकिंग में शामिल है। हम मादुरो के खिलाफ की गई कार्रवाई का समर्थन करते हैं। हालांकि हमारे प्रधानमंत्री भले इसके समर्थन में नहीं हो। अब मादुरो पर ट्रायल चलेगा और कानूनी कार्रवाई का सामना करना चाहिए।


