एमपीसीए अध्यक्ष महा आर्यमन सिंधिया का अशोकनगर जिले का दो दिवसीय दौरा अचानक रद्द हो गया। उन्हें शिवपुरी के कार्यक्रम के बाद सीधे चंदेरी पहुंचना था, जहां काफी संख्या में लोग उनके आगमन का इंतजार कर रहे थे। चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने बताया कि अचानक तबीयत खराब होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। विधायक रघुवंशी ने मंच से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि युवराज (महा आर्यमन) की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। अत्यधिक ठंड को देखते हुए उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें वापस भेजा गया। मुंगावली विधायक बृजेंद्र सिंह यादव ने भी मीडिया को कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी दी। हालांकि, विधायक रघुवंशी ने यह भी आश्वासन दिया कि महा आर्यमन सिंधिया जल्द ही क्षेत्र का दोबारा दौरा करेंगे। केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महा आर्यमन सिंधिया का यह दौरा सोमवार और मंगलवार को अशोकनगर जिले में निर्धारित था। उन्हें सोमवार को चंदेरी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुंगावली पहुंचना था। इसके बाद मंगलवार को अशोकनगर में रोड शो और युवा सम्मेलन में भाग लेने का कार्यक्रम था। एमपीसीए अध्यक्ष बनने के बाद महा आर्यमन सिंधिया का अशोकनगर का यह पहला दौरा था, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।


