सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ठनगन गांव में शिक्षक अनिल भार्गव की मौत का खुलासा हत्या के रूप में हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी सीमा भार्गव ने ही अपने पति की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस को 19 दिसंबर की सुबह सूचना मिली थी कि ठनगन गांव स्थित एक मकान के कमरे में शिक्षक अनिल भार्गव का शव बेड पर पड़ा है। सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में हत्या की आशंका जताई गई फोरेंसिक टीम ने जांच के दौरान मौत को संदिग्ध बताया और हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी सीमा भार्गव से गहन पूछताछ की। पूछताछ में पत्नी ने बताया कि 18 दिसंबर की रात उसका पति शराब पीकर घर आया था और गाली-गलौज कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने गुस्से में पति को धक्का दे दिया। अधिक खून बहने से हुई मौत, पत्नी ने शव को कंबल से ढक दिया धक्का लगने से अनिल भार्गव मुंह के बल गिर गए, जिससे उनके नाक और मुंह से भारी रक्तस्राव होने लगा। सीमा भार्गव ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद किसी को शक न हो, इस डर से उसने घायल पति को बेड पर लिटा दिया और कंबल से ढक दिया। 19 दिसंबर की सुबह उसने पुलिस को बेड पर शव मिलने की सूचना दी। हालांकि, फोरेंसिक सबूतों और पुलिस की पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया। हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी सीमा भार्गव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।


