गर्भवती पत्नी को बेल्ट से पीटा, पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज हुई

भास्कर न्यूज| महासमुंद पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम लाखागढ़ में एक व्यक्ति ने अपनी 4 माह की गर्भवती पत्नी को बेल्ट से बेरहमी से पीटकर उसके गर्भस्थ शिशु को मारने की कोशिश की। पीडि़ता ने मानसिक रुप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पिथौरा पुलिस ने बताया कि पीडि़ता प्रियंका कोसरिया (25) ने पुलिस को बताया कि 3 साल पहले उसने तेजस्वी कोसरिया से प्रेम विवाह किया था। उनकी 15 महीने की एक बेटी भी है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसे मायके से पैसे लाने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। बीते महीने ही पीड़िता की बहन ने दबाव में आकर 1 लाख रुपये भेजे थे, जिसे आरोपी ने हड़प लिया, लेकिन उसकी लालच खत्म नहीं हुई। 1 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने प्रियंका को गाली देते हुए बेल्ट से पीटना शुरू किया। आरोपी ने जानबूझकर उसके पेट पर बेल्ट से कई वार किए ताकि गर्भ में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुंच सके। वार करते-करते बेल्ट के दो टुकड़े हो गए। आरोपी ने उसका मोबाइल छीन कमरे में बंद कर दिया ताकि वह किसी को बता न सके। पीड़िता ने किसी तरह मोबाइल हासिल कर अपने मायके वालों को सूचना दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी की पहली पत्नी नहीं है। पहले भी उसने एक लड़की को प्रेमजाल में फंसाकर शादी की थी और बच्चा होने के बाद उसे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया था। प्रियंका का आरोप है कि तेजस्वी लड़कियों को झांसा देकर शादी करता है और मतलब निकल जाने के बाद उन्हें प्रताड़ित छोड़ देता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *