अमृतसर| रणजीत एवेन्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के गुरुद्वारा सर्व सांझी गुरबाणी प्रबंधक कमेटी और संगत के सहयोग से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव को समर्पित नगर कीर्तन निकाला। पांच प्यारों की रहनुमाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में जयकारों के साथ नगर कीर्तन आरंभ किया। प्रधान मंगल सिंह के आदेशों पर गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी मोहन सिंह ने नगर कीर्तन आरंभ की अरदास की। फूलों से सजी पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को विराजमान किया गया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेसी नेता अनिल जोशी ने मुख्य रूप से शामिल होकर वाहेगुरु का आशीर्वाद लिया। नगर कीर्तन हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से शुरू होकर सी, ई ब्लॉक समेत रणजीत एवेन्यू के अलग-अलग ब्लॉक में होते हुए शाम को वापस गुरुद्वारा साहिब में समाप्त हुआ।


