रांची| हरमू विद्यानगर स्थित श्री शिव हनुमान मंदिर में वेदी पूजन के बाद मंत्र उच्चारण के साथ भगवान की प्रतिमाएं विराजित कर दी गईं। मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर मंदिर से आए महामंडलेश्वर गोविंदनंद गिरी की देखरेख में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। सुबह आठ से ही रविवार को मूर्तियों का वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ पूजा की गई। बनारस से आए आचार्य पंडित रवि शास्त्री पंडित सत्यनारायण पाठक, पंडित अजय पांडे, पंडित हिमांशु पांडे, चंदन पांडे, अभिषेक पांडे, जयप्रकाश मिश्रा और पंडित महेंद्र पाठक द्वारा प्रतिमाओं को प्रतिष्ठित करने के लिए धार्मिक अनुष्ठान किए गए। प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर प्रांगण में हवन किया गया महाआरती के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति की गई और मंदिर के पट सभी भक्तों के लिए खोल दिए गए। इसके बाद मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष भंडारा किया गया। कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय पर अजय नाथ शाहदेव सहित शहर के प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष महावीर सिंह ने बताया कि यज्ञ संपन्न होने के बाद दिन-रात सेवा देने वाले समिति के सदस्यों को सम्मानित किया गया।


