झुमरीतिलैया में एनएच-20 के सर्विस रोड पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। एसडीओ रिया सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाया और दुकानदारों का सामान जब्त किया। सर्विस रोड पर स्थानीय लोगों ने गैरेज, अस्थायी दुकानें और सामान रखकर अवैध कब्जा कर रखा था। इससे न केवल राहगीरों को परेशानी हो रही थी, बल्कि एनएचएआई को सड़क निर्माण में भी बाधा का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की। जब्त किया गया सामान बांड भरवाने के बाद ही वापस किया जाएगा एसडीओ के साथ डीटीओ विजय सोनी और नगर परिषद के प्रशासक अंकित गुप्ता भी मौजूद थे। टीम ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों का सामान जब्त किया और कई अस्थायी दुकानों को नगर परिषद के वाहनों में लादकर जब्त कर लिया। साथ ही, सर्विस रोड से सटे अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया। एसडीओ रिया सिंह ने बताया कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों से जुर्माना भी वसूला गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जब्त किया गया सामान बांड भरवाने के बाद ही वापस किया जाएगा।


