चित्तौड़गढ़ में कोटा फोरलेन पर सोमवार देर रात एक युवक के साथ मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। युवक अपने दोस्तों के साथ होटल में जन्मदिन मना रहा था, तभी बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। बाद में जब घायल युवक को उसका भाई इलाज के बाद घर ले जा रहा था, तो रास्ते में बदमाशों ने दोबारा हमला करते हुए फायरिंग कर दी और कार में तोड़फोड़ कर दी। जान बचाने के लिए युवक और उसके साथी कार छोड़कर खेतों में भाग गए। मामले में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। होटल में जन्मदिन के दौरान हुई मारपीट पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि विजयपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी नारायण जाट ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया गया कि सोमवार रात करीब 10 बजे उसका छोटा भाई विनोद जाट अपने दोस्तों के साथ होटल में जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान मायरा निवासी प्रहलाद गुर्जर, गिरधारी गुर्जर, गलियामल निवासी दिनेश गुर्जर और उनके साथियों ने वहां पहुंचकर विनोद और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में विनोद के सिर में गंभीर चोट आई। घायल को अस्पताल ले जाया गया मारपीट के बाद घायल विनोद जाट को पहले बस्सी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया। विनोद को उसके दोस्त जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर उसका भाई नारायण जाट भी जिला हॉस्पिटल पहुंचा। यहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने विनोद को छुट्टी दे दी। घर लौटते समय रास्ते में घेरकर हमला इलाज के बाद नारायण जाट अपने भाई विनोद को लेकर गांव लौटने के लिए रवाना हुआ। इस दौरान उनके साथ अन्य दोस्त भी अलग-अलग गाड़ियों में थे। नारायण जाट स्विफ्ट डिजायर कार में आगे चल रहा था, जबकि पीछे स्कॉर्पियो और वेन्यू कार भी साथ थीं। रात करीब दो बजे सभी वाहन आछोड़ा-सुरजना के पास पहुंचे। तभी पीछे से बिना नंबर की स्कॉर्पियो और एक क्रेटा कार में सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया। फायरिंग कर कार में की तोड़फोड़ आरोपियों ने नारायण जाट की कार के आगे गाड़ी लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद प्रहलाद गुर्जर, गिरधारी गुर्जर, दिनेश गुर्जर और उनके 6–7 साथियों ने जान से मारने की नीयत से 12 बोर बंदूक से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से नारायण जाट और उसके साथी घबरा गए और जान बचाने के लिए कार छोड़कर खेतों में भाग गए। इसके बाद बदमाशों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात के बाद आरोपी बस्सी की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और घटनास्थल का मुआयना किया गया। आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है और पुरानी रंजिश के चलते यह घटना हुई हो सकती है। एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य पुलिस ने फायरिंग की सूचना पर एफएसएल टीम को भीलवाड़ा से मौके पर बुलाया। फायरिंग और तोड़फोड़ से क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर कोतवाली थाने लाया गया, जहां एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। एफएसएल की प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


