संघ प्रमुख के बयान के बाद बीजेपी एमएलए रामेश्वर बोले:हर हिन्दू को तीन बच्चे पैदा करना चाहिए, दिग्विजय के बयान पर भी पलटवार

हिन्दुओं के दो से अधिक बच्चे पैदा करने के आरएसएस संघचालक मोहन भागवत के बयान का बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने समर्थन किया है। विधायक रामेश्वर ने कहा है कि संघ, संतों और वरिष्ठ नागरिकों की चिन्ता उचित है कि हिन्दुओं के दो से अधिक बच्चे होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दू बच्चे शादी लेट कर रहे हैं। इस कारण कुटुंब के कुटुंब खत्म होते जा रहे हैं। तीन बच्चे होंगे तो उसमें बेटी का भी जन्म हो जाएगा और वह किसी की बेटी, बहू, बुआ, मामी, मौसी बनेगी। शर्मा ने कहा कि तीन बच्चे होना अपराध नहीं है। जो पांच से पच्चीस बच्चे पैदा कर रहे हैं, उनसे हिन्दुस्तान को बचाने के लिए भी तीन बच्चे पैदा करना जरूरी है। तीन बच्चे तो हर हिन्दू को अनिवार्य रूप से पैदा करना ही चाहिए। बच्चे सुसंस्कृत रहें, उन्हें रोजगार मिले, इसकी भी चिन्ता करना चाहिए। दिग्विजय के बयान पर भी पलटवार विधायक रामेश्वर शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा सरजिल इमाम को जमानत न देने को लेकर मंगलवार को राज्यसभा में सांसद दिग्विजय सिंह के द्वारा दिए गए बयान पर भी पलटवार किया है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हिन्दुस्तान में कुछ अर्बन नक्सलाइड आतंकवादियों के रूप में पैदा हो रहे हैं। बुद्धि का घमंड इनको इतना ज्यादा हो गया कि भारत के संविधान और भारत के न्यायपालिका को चैलेंज कर रहे हैं। गुंडे, मवाली, आतंकवादी और जो देशद्रोही हैं, उन पर ट्रायल होना और उन पर क्या कार्रवाई होना है, यह न्यायालय तय करता है। न्यायालय किसी के कहने में और किसी के इशारे में नहीं चलता। जिस तरह की बदतमीजी जेएनयू में नारे लगाकर की गई है, वह बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। वहां देश के प्रधानमंत्री और देश के गृहमंत्री के लिए कह रहे हैं कि उनकी कब्र खुदेगी तो उनको समझ लेना चाहिए कि बदतमीजी की भाषा बोलना बंद करो। दूसरों की कब्र खोदने से पहले खुद की कब्र के गड्ढे सुनिश्चित कर लो। रामेश्वर ने कहा कि जो हिंदुस्तान के खिलाफ बोलेगा, जो आतंकवादी गतिविधियों में सम्मिलित रहेगा, ऐसे लोगों की ही कब्र खुदेगी और इसलिए भारत को इस तरह के चैलेंज और चुनौती देना बंद करो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से भी हम हाथ जोड़कर प्रार्थना करना चाहते हैं कि कम से कम बुढ़ापे में तो सुधर जाओ। आपकी जैसे-जैसे उम्र बढ़ रही है वैसे-वैसे आप आतंकवाद, पाकिस्तान और नक्सलियों के समर्थन में कूदते जा रहे हो। पहले आपने नक्सलियों का खुला समर्थन किया आतंकवादियों का समर्थन किया। पहले भी 26/11 में आप आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन कर चुके हो, आतंकवादियों को अनेको बार जी लगाकर सम्मान दे चुके हो। इसका मतलब कांग्रेस और दिग्विजय सिंह उनकी चाटुकारिता की नीति, मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति आईएसआई का एजेंट बनने की नीति यह देश को धोखा देने का काम कर रहे हैं। इसलिए हिंदुस्तानियों सतर्क और सावधान हो जाओ। कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह और राहुल गांधी पाकिस्तान के एजेंट के रूप में वो काम कर रहे हैं, जिनसे अभी सावधान और सतर्क होने की जरूरत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *