अलीगढ़ में हिक्स थर्मामीटर फैक्ट्री पर आयकर विभाग की रेड:चीन से माल मंगाकर ‘स्वदेशी’ मैन्युफैक्चरिंग का खेल, 80 करोड़ की बिलिंग के बाद अलर्ट हुआ विभाग

अलीगढ़ में मंगलवार को दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीम ने आईटीआई रोड स्थित हिक्स थर्मामीटर लिमिटेड पर छापा मारा। करीब 10 सदस्यीय टीम ने सुबह 11 बजे फैक्ट्री परिसर को अपने घेरे में ले लिया और मुख्य गेट बंद करवा दिए। यह पूरी कार्रवाई इतनी गोपनीय रही कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। अजीबोगरीब स्कीम ने खींचा विभाग का ध्यान बिलिंग और मार्केटिंग स्कीम में बड़ी विसंगतियों की जानकारी होने पर कंपनी आयकर विभाग के रडार पर आ गई। बताया जा रहा है कि कंपनी ने दिल्ली के भागीरथ पैलेस स्थित एक ही फर्म के नाम पर बीते महज 6 महीनों में 80 करोड़ रुपए से अधिक की बिलिंग कर डाली। व्यापार बढ़ाने के लिए कंपनी ने ‘AC फ्री स्कीम’ भी लॉन्च की थी, जिसमें दिल्ली के व्यापारियों को एक निश्चित राशि का माल खरीदने पर एयर कंडीशनर मुफ्त देने का वादा किया गया था। इस असामान्य बिलिंग और लुभावने ऑफर्स ने विभाग के कान खड़े कर दिए। चीन से आयात और टैक्स चोरी का शक जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि कंपनी चीन से थर्मामीटर, ब्लड प्रेशर मशीन और अन्य मेडिकल उपकरणों के पार्ट्स मंगाती थी। लेकिन कागजों पर इसे अपनी स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में निर्मित दिखाया जाता था। इस प्रक्रिया के जरिए बड़े पैमाने पर जीएसटी और आयकर की हेराफेरी की आशंका जताई जा रही है। टीम फिलहाल फैक्ट्री के खातों, स्टॉक रजिस्टर, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और खरीद-बिक्री के डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। प्रतिष्ठित कारोबारी घराने पर शिकंजा हिक्स थर्मामीटर लिमिटेड का सीधा संबंध शहर के जाने-माने सेठ टीकाराम परिवार से है। यह फैक्ट्री उद्योगपति हरि प्रकाश गुप्ता के बेटे सिद्धार्थ गुप्ता की बताई जा रही है। जैसे ही शहर में छापेमारी की खबर फैली, कारोबारी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। फैक्ट्री के अंदर मालिक और कर्मचारियों को रोककर पूछताछ की गई और किसी को भी बाहर जाने या बाहर से अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। टीम के साथ दिल्ली से आए एक अधिकारी का कहना है कि दस्तावेजों के मिलान और स्टॉक की फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद ही टैक्स चोरी के असली आंकड़ों का खुलासा हो पाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *