रांची रेलवे स्टेशन में नई रेल लाइन बुधवार से फंक्शनल हो जाएगी। रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि रांची रेल मंडल में साउथ साइड का विकास कार्य तेजी से जारी है। प्लेटफॉर्म नंबर-6 को पूरी तरह तैयार होने में कुछ दिन और लगेंगे, लेकिन इसके पास रेल लाइन नंबर-8 चालू कर दी जा रही है। उन्होंने बताया कि यार्ड बनने का काम भी पूरा हो गया है। इधर साउथ-ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) ने मंगलवार को मकर संक्रांति से पहले स्टेशन और आसपास के ट्रैक व सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने साउथ साइड निर्माण, प्लेटफॉर्म और यार्ड का जायजा लिया और स्टाफ को यात्रियों की सुरक्षा व सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इधर, दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक एके मिश्रा ने मंगलवार को रांची-लोहरदगा-टोरी लाइन और रांची स्टेशन का निरीक्षण किया। वे स्पेशल सैलून से रांची आए थे। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने टोरी रेलखंड में नगजुआ व लोहरदगा स्टेशन के बीच कोयल नदी पर स्थित पुल संख्या-115 के पिलर संख्या चार और पांच के मध्य आई दरार का जायजा लिया। इसके बाद वे रांची स्टेशन में निर्माणाधीन द्वितीय प्रवेश द्वार के नए स्टेशन बिल्डिंग कार्य प्रगति रिपोर्ट लिए। साथ ही एएनआई वर्क का भी निरीक्षण कर निर्धारित अवधि में पूरा करने का निर्देश दिए। मौके पर डीआरएम करुणानिधि सिंह, सीनियर कमांडेंट पवन कुमार सहित कई वरीय रेलवे के अधिकारी थे।


