भास्कर न्यूज| खड़गपुर पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर लोकल थाना अंतर्गत कलाईकुंडा क्षेत्र के शोभापुर में एक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लगने की घटना से इलाके के लोगों में दहशत फैल गयी। आग लगने का कारण संभवतः शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी हो कि इलाके में आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे गोदाम के आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गयी। गोदाम में बड़ी मात्रा में पुराने ड्रम और अन्य स्क्रैप सामग्री रखे हुये थे। जिसके कारण पलभर में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की जानकारी खड़गपुर फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण समय लगने की आशंका थी। इसी बीच पश्चिम मेदिनीपुर जिला आईएनटीटीयूसी अध्यक्ष गोपाल खाटुवां घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंनें घटना स्थल से कुछ ही दूरी मौजूद रेश्मी समूह के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अभिजीत चौधरी उर्फ भास्कर चौधरी और लीगल हेड तपन नाथ से सम्पर्क किया। जानकारी मिलने के बाद रेश्मी समूह की फायर ब्रिगेड की दो निजी इंजन घटना स्थल पर पहुंची। रेश्मी समूह के दमकल कर्मियों की तत्परता से कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गयी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग आसपास के रिहायशी इलाके तक फैल जाती तो स्थिति अत्यंत भयावह हो सकती थी। जिला आईएनटीटीयूसी अध्यक्ष गोपाल खटुआ ने बताया कि उक्त स्क्रैप गोदाम स्थानीय निवासी शेख मंटू का है। गोदाम में रखी स्क्रैप सामग्री जलकर खाक हो गई है। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है,वहीं इलाके के लोगों ने समय पर निजी दमकल इंजन घटना स्थल पर तुरंत भेजने के लिये रेश्मी ग्रुप का आभार प्रकट किया।


