क्रिकेट केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि करियर के रूप में भी अपनाएं : कुतुबुद्दीन

भास्कर न्यूज | गढ़वा गढ़वा प्रखंड के कल्याणपुर स्थित बलही डैम के मैदान में आयोजित मौलाना आज़ाद कॉस्को क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में पठान इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जुनैद इलेवन को 32 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान पर मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पठान इलेवन की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 94 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अखिल कुमार ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 19 रन बनाए। जबकि रवि ने 11 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जुनैद इलेवन की ओर से गेंदबाजी करते हुए कृष्ण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं रोहित कुमार ने 2 विकेट लेकर पठान इलेवन की रन गति पर अंकुश लगाने का प्रयास किया। 94 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जुनैद इलेवन की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। पठान इलेवन के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए रन बनाना कठिन कर दिया। पूरी टीम 10 ओवर में मात्र 62 रन ही बना सकी। जुनैद इलेवन की ओर से आशिक ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। लेकिन अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। पठान इलेवन कल्याणपुर की ओर से दीपक और भोला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। जिससे विरोधी टीम लक्ष्य से काफी पीछे रह गई। मैच के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दीपक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार आयोजन समिति के संरक्षक कुतुबुद्दीन खान ने दीपक को प्रदान किया। इस अवसर पर कुतुबुद्दीन खान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्रिकेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं है। बल्कि इसे करियर के रूप में भी अपनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से खेल के प्रति अनुशासन, मेहनत और लगन बनाए रखने की अपील की। प्रतियोगिता के आयोजकों ने बताया कि इस तरह के टूर्नामेंट ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य करते हैं। वहीं युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देते हैं। सेमीफाइनल में जीत के साथ ही पठान इलेवन ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। जहां अब दर्शकों को एक और रोमांचक मुकाबले का इंतजार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *