कोडरमा| अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, कोडरमा की साप्ताहिक बैठक सह वनभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आनंद मोहन वर्मा और संचालन जिला महासचिव विपिन कुमार सिन्हा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री चित्रगुप्त की विधिवत पूजा-अर्चना एवं भव्य आरती के साथ की गई। इसके पश्चात उपस्थित सदस्यों ने वनभोज का आनंद लिया। महिलाओं और बच्चों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने आपसी मेलजोल के साथ समय बिताया। बैठक में हर घर चित्रगुप्त, घर-घर चित्रगुप्त अभियान के तहत समाज को संगठित और जागरूक करने पर चर्चा की गई। उपस्थित चित्रांशों ने अपने-अपने विचार रखे और समाज की एकजुटता, विकास तथा सामाजिक पहचान को मजबूत करने के लिए निरंतर संपर्क अभियान चलाने पर सहमति व्यक्त की। जिला अध्यक्ष आनंद मोहन वर्मा ने कहा कि प्रत्येक सप्ताह किसी न किसी चित्रांश परिवार के साथ और उनके आसपास रहने वाले चित्रांशों की उपस्थिति में बैठक आयोजित की जाएगी। इससे समाज के लोगों के बीच आपसी संबंध मजबूत होंगे और संगठन को नई दिशा मिलेगी। मौके पर संतोष सहाय, रविंद्र श्रीवास्तव, शक्ति कांत सिन्हा, राजीव कुमार सिन्हा, नवीन कुमार वर्मा, विनय कुमार सिन्हा, विवेक बक्शी, सतेंद्र सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद थे।


