गुमला|राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बिशुनपुर प्रखंड के सभागार में प्रखंड प्रमुख राजलक्ष्मी की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय टीवी फोरम का गठन किया गया। प्रखंड स्तर पर यक्ष्मा उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से टीवी फोरम का गठन किया गया। टीवी फोरम के उद्देश्य व उनके सदस्यों की भूमिका की विस्तृत जानकारी पीपीएम कोऑर्डिनेटर हरिशंकर मिश्रा व टीवीएचवी अंशु निधि के द्वारा दी गई। इन्होंने टीवी फोरम के द्वारा किए जाने वाले कार्य की चर्चा के दौरान कहा की टीवी संबंधित कार्यों की समीक्षा, पर्यवेक्षण, मरीज को सहयोग, मरीज के समस्याओं का निष्पादन आदि कार्य तथा सामाजिक जागरूकता भेदभाव से छुटकारा आदि कार्य टीवी फोरम के सदस्यों के द्वारा किया जाना है। राज्य स्तरीय निर्देश के अनुसार प्रखंड टीवी फोरम में प्रखंड प्रमुख संरक्षक की भूमिका में होंगे। अध्यक्ष बीडीओ व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नोडल होंगे। सदस्यों में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड बाल विकास पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के सदस्य विभिन्न एनजीओ के सदस्य, एसटीएस, टीबी चैंपियन आदि व प्रखंड टीबी फोरम के संयोजक प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक होंगे। बैठक में प्रखंड प्रमुख राजलक्ष्मी, बीडीओ सुलेमान मुंद्री, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी आदि मौजूद थे।


