लुधियाना के जगराओं में गांव माणूके में गगनदीप सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाले चार आरोपियों के खिलाफ पहले भी संगीन जुर्म के मामले दर्ज हैं। यही नहीं चारों आरोपी अलग-अलग मामलों में जेल भी गए हैं और हाल ही में जमानत पर रिहा होकर बाहर आए थे। यही नहीं मृतक गगनदीप सिंह उर्फ गगना के खिलाफ भी नशा तस्करी का मामला दर्ज था और वह भी जेल जा चुका था। मृतक के खिलाफ 2021 में थाना हठूर में 12 मई को केस दर्ज हुआ था और उसके बाद 22 जून 2021 को वह जमानत पर बाहर आया था। गुरसेवक सिंह व गुरदीप सिंह से पहले मिली थी पांच पिस्टल हत्या के मुख्य आरोपी गुरसेवक सिंह और गुरदीप सिंह पुराने दोस्त हैं। इन दोनों के खिलाफ 1 सितंबर 2025 को श्री मुक्तसर साहिब के थाना कबरवाल में अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में दोनों को गिरफ्तार किया था और उनसे 5 पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई थीं। गुरदीप सिंह तीन बड़े आपराधिक मामलों में नामजद है। वह 15 अक्तूबर 2025 को जमानत पर जेल से बाहर आया था। वहीं, गुरसेवक सिंह भी 9 अक्तूबर 2025 को जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। जसपाल सिंह पर हत्या का प्रयास समेत 7 पर्चे दर्ज आरोपी जसपाल सिंह उर्फ हंसा का भी अपराध की दुनिया से पुराना नाता रहा है। उसके खिलाफ नशा तस्करी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित कुल सात संगीन मामले दर्ज हैं। वह 17 अक्तूबर 2025 को जेल से बाहर आया था। प्रदीप दास पर नशा तस्करी समेत चार पर्चे दर्ज गगनदीप की हत्या में शामिल आरोपी प्रदीप दास उर्फ पप्पा पर चोरी, मारपीट और नशा तस्करी से जुड़े चार मामले दर्ज हैं। वह इन मामलों में जेल मेंं भी रह चुका है। आरोपी 30 मई 2025 को जमानत पर रिहा हुआ था। वहीं पांचवें आरोपी निक्का सिंह उर्फ घारू का क्रिमिनल रिकार्ड भी पुलिस ढूंढ रही है। पुलिस बोली हत्या रंजिशन हुई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह हत्या पूरी तरह से व्यक्तिगत रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़ी हुई है। कबड्डी या किसी अन्य खेल गतिविधि से इस वारदात का कोई संबंध नहीं है। इस तरह की सभी अफवाहें पूरी तरह निराधार हैं। दिनभर पोस्टमार्टम न करवाने पर अड़े रहे परिजन थाना हठूर के इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार का कहना है मृतक गगनदीप सिंह के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम न करने की जिद पर अड़े रहे। मंगलवार देर शाम पुलिस के साथ बैठक होने के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए हामी भरी। देर शाम मृतक गगनदीप का पोस्टमार्टम हो गया।


