कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम दुधली में 9 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी के तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में राज्यपाल, केन्द्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए यातायात, सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, प्रदर्शनी और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ टीम से समन्वय कर वाटर स्पोर्ट्स, गोताखोर, लाइफ जैकेट आदि की व्यवस्थाओं का भी निर्देश दिया। बैठक में धान खरीदी, रकबा समर्पण, अतिक्रमण हटाने और ओएनजीसी इकाई हेतु जमीन चिह्नांकित करने सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को भौतिक सत्यापन, बायोमेट्रिक उपस्थिति और शत-प्रतिशत ई-फाइलिंग करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सभी विभागों को आदेश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी आयोजित कर राज्य और जिला स्तर की उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाए तथा जंबूरी का आयोजन भव्य और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न किया जाए।


