डीग में भंडारा गांव के जंगलों में दबिश देकर 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ अभियान के तहत जुरहरा पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने पोर्टल साइबर क्राइम से मिली सूचना के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए ठगों के पास से मौके पर 11 मोबाइल फोन, 11 फर्जी सिम कार्ड और 3 बाइक जब्त की गई है।
ये सभी ठग एक गिरोह के रूप में काम करते थे। वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कपड़ों के फर्जी विज्ञापन डालते थे और कोरियर डिलीवरी चार्ज के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। इन साइबर ठगों ने दिल्ली, मुंबई, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे कई राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाया है। वे लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दे चुके हैं।
ठगी की रकम से ये आरोपी आलीशान जीवन जीते थे। वे लग्जरी गाड़ियों में वीआईपी बनकर घूमते थे और भव्य मकान बनाकर ऐशो-आराम की जिंदगी गुजारते थे। पुलिस अब इनसे गहन पूछताछ कर रही है, जिससे और भी खुलासे होने की संभावना है।


