डीडवाना जिले में नवसृजित पंचायत समिति पीलवा के भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटित की गई है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर उपखंड परबतसर के ग्राम पीलवा में 2.43 हेक्टेयर भूमि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को दी गई है। यह कदम जिले में प्रशासनिक व जनसुविधाओं के विकास को गति देने के उद्देश्य से उठाया गया है। इस संबंध में कलेक्टर की ओर से आदेश जारी कर आवंटित भूमि का पट्टा भी तत्काल प्रभाव से जारी कर दिया गया है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने बताया कि आमजन से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। एडीएम खटनावलिया ने आगे बताया कि डॉ. खड़गावत के निर्देशानुसार जिले में राजकीय कार्यालयों, विद्यालयों, खेल मैदानों और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन प्राथमिकता से किया जा रहा है। इसका लक्ष्य जिले के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करना और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


