रीवा में शीतलहर का असर:नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों में 8 से 10 जनवरी तक अवकाश घोषित

रीवा जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर रीवा द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 8 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय शीतलहर और तापमान में आई गिरावट को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। हालांकि, इस अवधि में विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और स्टाफ अपनी-अपनी संस्थाओं में उपस्थित रहेंगे और अन्य शासकीय कार्यों का संपादन करेंगे। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व निर्धारित महत्वपूर्ण गतिविधियां, परीक्षाएं और अन्य आवश्यक कार्य यथावत संचालित रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। कलेक्टर कार्यालय से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय, संभागीय एवं जिला स्तर के शिक्षा अधिकारियों सहित समस्त विद्यालय प्राचार्यों और संस्था प्रभारियों को सूचना वा आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है। लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे के बीच जिला प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, वहीं बच्चों को ठंड से बचाने की दिशा में इसे एक जरूरी कदम माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *