नपा से निगम को सीखने की जरूरत:मकरोनिया में 9 दिन में 337 अतिक्रमण हटाए, सागर में कार्रवाई करने के बाद निगरानी नहीं

सागर शहर के उपनगरीय क्षेत्र मकरोनिया में इन दिनों अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई चर्चा में है। बीते 9 दिनों से जारी कार्रवाई में अब तक 337 अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। इनमें टपरा हटाने से लेकर मॉल के रैंप पर जेसीबी चलाने की कार्रवाई शामिल है तो बिना अनुमति बन रहे पक्के मकान को तोड़ने से लेकर सामान जब्ती की कार्रवाई भी की गई है। मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र में चल रही कार्रवाई अवकाश के दिनों में भी चल रही है। जहां एक बार जेसीबी चल जाती है या अतिक्रमण हटाने की मुहिम हो जाती है, रोजाना उसका फॉलोअप भी हो रहा है। यानी नपा का अमला वहां जा रहा है। यही वजह है कि 63 लोगों ने दोबारा अतिक्रमण किया तो निगम के अतिक्रमण अमले ने पहुंचकर सामग्री जब्त कर ली। सागर नगर निगम क्षेत्र में स्थि​ति दूसरी है, यहां अतिक्रमण के विरुद्ध इतनी बड़ी कार्रवाई की ही नहीं जा रही है। जहां एक दिन अमला पहुंचता भी है, वहां दूसरे दिन जाता ही नहीं है। जबकि सागर नगर निगम क्षेत्र में भी मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र जैसी कार्रवाई हो तो यहां भी अतिक्रमण से मुक्ति मिले। मकरोनिया में रोज कार्रवाई सुबह 7 बजे से ही कार्रवाई, लगातार फॉलोअप भी मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुबह 7 बजे से भी शुरू कर दी जाती है। सीएमओ पवन शर्मा द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। जहां एक बार कार्रवाई हो जाती है, अमला उसके आगे तो बढ़ता ही है लेकिन लौटकर वापस भी आता है। नपा प्रशासन द्वारा ऐसे लोगों को भी लगा रखा है जो अतिक्रमण होते ही गोपनीय रूप से उसकी सूचना सीधी सीएमओ को देते हैंं। इस पर हो रही कार्रवाई से लोगों में अब यह डर बैठा है कि अतिक्रमण करने पर पहले जैसी दिखावे की कार्रवाई का ढर्रा नहीं चलेगा। लोग अतिक्रमण दोबारा करने से बच रहे हैं। सागर में ऐसा हाल… कार्रवाई की रस्मअदायगी, निरंतरता नहीं दिखती सागर नगर निगम क्षेत्र में कटरा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की सबसे बड़ी समस्या है। यहां स्थानीय व्यापारियों ने सड़क पर जाम लगाकर सड़क जाम करने वाले ठेले वालों, रेहड़ी वालों के खिलाफ मुहिम छेड़ी तो निगम ने निर्णय लिया कि यह क्षेत्र हाथठेला मुक्त होगा। तय किया गया कि हाथठेला सड़क पर लगा दिखा तो जब्ती की जाएगी। निगम का अमला ट्रैफिक पुलिस के साथ यहां मुनादी ही करता रहा। एक बार में सामग्री जब्त की तो एक बार सिर्फ 3 ठेले जब्त किए। इसके बाद कार्रवाई बीच में ही छोड़ दी, अब दोबारा ठेले और दुकानें सड़क पर लग रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *