मंडला में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष बाइक रैली का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन से शुरू हुई इस रैली में कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा स्वयं बाइक चलाकर शामिल हुए। इसका उद्देश्य आमजन को सीधे तौर पर नियमों के पालन का संदेश देना था। रैली को नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा एवं सीआरपीएफ कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर नेहरू स्मारक, बैगा-बैगी चौक, चिलमन चौक, बस स्टैंड, लालीपुर, बिंझिया, माहिष्मती घाट और महाराजपुर होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंची। पूरे मार्ग में अधिकारियों और अन्य प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर तथा यातायात नियमों का अनुशासित तरीके से पालन करते हुए शहर का भ्रमण किया। इस अवसर पर कलेक्टर और एसपी ने जोर देकर कहा कि यातायात नियम केवल औपचारिकता नहीं हैं, बल्कि ये जीवन बचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में गाड़ी न चलाने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन द्वारा 26 जनवरी तक एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हेलमेट तथा सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रहेगा। अगले सोमवार से नियम तोड़ने वालों पर पहले समझाइश दी जाएगी, फिर कार्रवाई की जाएगी। 26 जनवरी के बाद यह नियम आम नागरिकों पर भी लागू होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी एक व्यक्ति की मृत्यु पूरे परिवार को जीवनभर का दर्द दे जाती है। इसलिए थोड़ी सी सावधानी बरतकर बड़े हादसों को रोका जा सकता है। इस मौके पर अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, एएसपी शिवकुमार वर्मा, एसडीएम सोनल सिडाम, एसडीओपी पीयूष मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


