प्रतापगढ़ पुलिस ने वाटर वर्क्स रोड और जीरो माइल क्षेत्र में हुई मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं के संबंध में चार आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। पहली घटना 4 जनवरी 2026 की है। वाटर वर्क्स क्षेत्र निवासी महमूद हुसैन ने प्रतापगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र फारुख हुसैन शाम करीब 6:30 बजे घर का सामान लेने बाहर गया था। इसी दौरान मुल्तानपुरा की ओर से आए 8-10 युवकों ने मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फारुख पर तलवार, पिस्टल और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में फारुख को गंभीर चोटें आईं और उनका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। दूसरी घटना भी 4 जनवरी 2026 को हुई। टांडा निवासी संजय लबाना ने रिपोर्ट दी कि कपड़े दिलाने के 1700 रुपए मांगने पर दुर्गेश दमामी ने उन्हें जीरो माइल चौराहे पर बुलाया। वहां गाली-गलौज करते हुए संजय के साथ मारपीट की गई और चाकू से हमला कर उनकी पसलियों के पास गंभीर चोट पहुंचाई गई। बीच-बचाव करने आए एक युवक को भी जान से मारने की धमकी दी गई। वाटर वर्क्स रोड की घटना में शामिल शहनवाज, सोहिल मलका और तोसिफ मलका को गिरफ्तार किया गया। वहीं, जीरो माइल चौराहे की घटना में नामजद दुर्गेश को भी शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।


