भास्कर न्यूज | हरदीबाजार एसईसीएल दीपका खदान में ब्लास्टिंग से छिटके पत्थर का टुकड़ा बुधवार की दोपहर लगभग 3 बजे सड़क से पैदल घर जा रहे बुजुर्ग के सिर पर लगने से मौत हो गई। बुजुर्ग को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर परिजन व एसईसीएल, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। लेकिन खदान प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ परिजन घटनास्थल पर ही चर्चा करने की बात कहते हुए स्वास्थ्य केन्द्र से बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर अस्पताल से चले गए। सुआभोड़ी बसाहट व हरदीबाजार गांव के निकट एसईसीएल दीपका खदान से कोयला खनन का कार्य किया जा रहा है। इश दौरान सुआभोड़ी बसाहट की सड़क से लगभग 30 मीटर की दूरी पर एसईसीएल दीपका की माइंस है। इसी सड़क से बरपारा मोहल्ला रेकी निवासी लखन लाल पटेल (60) हरदीबाजार गांव में रहने वाले रिश्तेदार के यहां से अपने घर पैदल जा रहा था। सुआभोड़ी बसाहट के पास पहुंचा था कि दीपका खदान में हुई ब्लास्टिंग के कारण पत्थर का टुकड़ा छिटककर उसके सिर पर लगा। इससे वह सड़क पर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने यह देखा और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हरदीबाजार लेकर गए। डॉक्टरों ने जांच उपरांत बुजुर्ग के मौत होने की पुष्टि की। शाम होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। घटना की जानकारी पर पाली एसडीएम रोहित सिंह, हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत सिंह राजभानू, हरदीबाजार व कुसमुंडा थाना प्रभारी भी पहुंचे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों व परिजन से चर्चा का प्रयास किया। मगर घटनास्थल पर ही चर्चा करने पर ग्रामीण अड़ गए और शव को अस्पताल से लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सनीष चंद्र ने कहा कि दुखद घटना हुई है। दीपका खदान से पत्थर छिटककर सिर पर लगने की जानकारी सामने आई है। प्रकरण में जांच उपरांत स्थिति स्पष्ट होगी।


