पंजाब के बठिंडा में रहने वाले 45 वर्षीय बलकार सिंह ने अपने घर में रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बलकार सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे, जिसकी दो प्रमुख वजहें सामने आई हैं। घटना गांव सिवियां की है। पहली वजह उनका पत्नी से चल रहा विवाद था, जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन था। दूसरी बड़ी वजह उनके इकलौते बेटे की कैंसर से हुई मौत थी, जिसने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया था। दर्शन सिंह के बेटे बलकार की आत्महत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा की एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया है। परिजनों का कहना है कि पारिवारिक समस्याओं और बेटे की मौत के बाद से बलकार सिंह गहरी मानसिक पीड़ा से गुजर रहे थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।


