छत्तीसगढ़ में ‘विकसित भारत – जी राम जी’ योजना को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री और खैरागढ़ प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर भ्रमित करने वाला प्रचार कर रहा है। कांग्रेस ने महापुरुषों के योगदान को भुलाकर केवल एक परिवार विशेष के नाम पर संस्थानों और योजनाओं का नामकरण किया। दरअसल, मंत्री लखनलाल देवांगन बुधवार को खैरागढ़ पहुंचे। उन्होंने जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके साथ ही मंत्री ने कलेक्ट्रेट में विभागवार समीक्षा बैठक लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘विकसित भारत’ का संकल्प प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री देवांगन ने ‘विकसित भारत’ के संकल्प को दोहराया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए ‘जी राम जी’ योजना प्रभावी रूप से लागू की गई है। रोजगार के दिनों में बढ़ोतरी इस योजना के तहत ग्रामीणों को मिलने वाले रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है, जिससे गांवों में आजीविका के अवसर मजबूत होंगे। महात्मा गांधी देश के लिए पूज्य हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा उन्हें पूर्ण सम्मान देती है। महात्मा गांधी को पूर्ण सम्मान देने का दावा उन्होंने कहा कि अपने लंबे शासनकाल में कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नाम पर कौन से बड़े रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या राष्ट्रीय संरचनाओं का नामकरण किया, यह जनता को बताना चाहिए। कांग्रेस ने महापुरुषों के योगदान को भुलाकर केवल एक परिवार विशेष के नाम पर संस्थानों और योजनाओं का नामकरण किया। राष्ट्रनिर्माताओं को सम्मान देने का दावा मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे राष्ट्रनिर्माताओं को कांग्रेस ने लगातार उपेक्षित किया, जबकि भाजपा सरकार उनके विचारों और योगदान को सम्मान दे रही है।


