रीवा में गुरुवार को थाने के ठीक सामने एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सोनू सोंधिया के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाने के सामने इस तरह की वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मारपीट के बाद हत्या का आरोप परिजनों का आरोप है कि यह मामला आत्महत्या या सामान्य मौत का नहीं, बल्कि साफ तौर पर हत्या का है। मृतक के परिजन दीपक सोंधिया ने बताया कि सोनू के पूरे शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। उसके मुंह से खून निकल रहा था और शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। इसके अलावा उसके पास मौजूद पैसे और मोबाइल फोन भी गायब हैं। परिजनों का कहना है कि ये सभी तथ्य हत्या की ओर इशारा करते हैं। दीपक सोंधिया ने यह भी बताया कि एक दिन पहले सोनू के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। उस समय मामला सामने नहीं आ सका, लेकिन अब उसकी लाश मिलने के बाद परिजन इस मारपीट को हत्या से जोड़कर देख रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि सोनू को बेरहमी से पीटा गया और बाद में उसकी हत्या कर शव थाने के सामने फेंक दिया गया, ताकि मामला भ्रमित हो जाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। CCTV खंगाल रही पुलिस पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और घटनास्थल तक वह कैसे पहुंचा। समान थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। हत्या, लूट और मारपीट- तीनों एंगल से मामले की पड़ताल हो रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


