भास्कर न्यूज | अमृतसर वीरवार दोपहर एक बजे टारगेट किलिंग की फिराक में घूम रहे गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के 2 गुर्गों के साथ मीरांकोट में पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एक आरोपी को टांग में गोली मारकर घायल करते हुए दोनों को काबू कर लिया। बिहार के रहने वाले घायल आरोपी आदित्य राज को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जबकि कुलविंदर सिंह को काबू किया गया है। आरोपियों से 2 पिस्तौल बरामद हुए है। सूचना मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर मौके पर पहुंचे। आरोपियों पर पहले से कोई पर्चा दर्ज नहीं है। आदित्य राज सीधे तौर पर जग्गू और केशव शिवाला के संपर्क में था और पहचान छिपाने के लिए उसे बाहरी राज्य से जोड़ा गया था। वहीं कुलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला का सीधा कनेक्शन गैंगस्टर अमृत डालम से है। पुलिस कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि 7 जनवरी को पुतलीघर चौक के पास गश्त के दौरान थाना कंटोनमेंट पुलिस को सूचना मिली कि कुलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला ने विक्रम सिंह उर्फ मम्मन, मनप्रीत सिंह उर्फ बूरा और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के साथ मिलकर एक गिरोह बनाया है जो विदेश में बैठे गैंगस्टर अमृत डालम और केशव शिवाला के इशारे पर टारगेट किलिंग और रंगदारी की साजिश रच रहा था। इनपुट के मुताबिक आरोपी पिपटी गेस्ट हाउस के पास कार में हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे। पुलिस ने तुरंत रेड कर 3 आरोपियों विक्रम सिंह (25), मनप्रीत सिंह (22) और गुरप्रीत सिंह को कार, 2 तलवारों और एक दात्तर के साथ काबू कर लिया। वहीं कुलविंदर सिंह (21) उर्फ बिल्ला और आदित्य राज (18) फरार हो गए थे। पकड़े गए तीनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि कुलविंदर और आदित्य के पास पिस्तौल है। 8 जनवरी को मीरांकोट इलाके में दोनों फरार आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने बाइक सवार आरोपियों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आदित्य घायल हो गया।


