वादा खिलाफी के खिलाफ निगम मुलाजिमों का अल्टीमेटम, 21 को निगम दफ्तर घेरेंगे

भास्कर न्यूज |लुधियाना नगर निगम कर्मचारी यूनियन की ओर से वादा खिलाफी के विरोध में 21 जनवरी को नगर निगम दफ्तर का घेराव किए जाने का ऐलान किया गया है। ये फैसला जोन-ए स्थित पानी वाली टंकी के सामने आयोजित एक हंगामी बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के चेयरमैन नरेश धींगान ने की, जबकि वाइस चेयरमैन रवि बाली और प्रधान विक्की रहेला ने कर्मचारियों को संबोधित कर एकजुट होने का आह्वान किया। बैठक में कच्चे मुलाजिम माली, बेलदार, सीवरमैन, सफाई सेवक और ड्राइवरों को जल्द से जल्द पक्का (रेगुलर) करने, ओवरएज कर्मचारियों को नियमित करने, ठेकेदारी सिस्टम खत्म करने और कूड़ा प्रबंधन को ठेके पर देने के फैसले का विरोध किया गया। नेताओं ने बताया कि इन मांगों को लेकर पहले मेयर हाउस और नगर निगम बैठकों के दौरान विधायकों और पार्षदों का घेराव किया गया था, जिस पर आम आदमी पार्टी के विधायकों ने 2 जनवरी से पहले मुख्यमंत्री के साथ बैठक कराने का भरोसा दिया था। लेकिन 8 जनवरी तक भी कोई बैठक नहीं कराई गई। इस वादा खिलाफी से कर्मचारियों में भारी रोष है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि 20 जनवरी तक मुख्यमंत्री के साथ बैठक नहीं कराई गई, तो 21 जनवरी सुबह 11 बजे जोन-ए माता रानी चौक स्थित नगर निगम दफ्तर का घेराव कर गेट रैली की जाएगी। कर्मचारियों ने यह भी ऐलान किया कि जरूरत पड़ी तो वे भूख हड़ताल से भी पीछे नहीं हटेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *