लुधियाना| वेट गंज इलाके के पास एक होजरी कारोबारी के दफ्तर से नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी ने चोरी का शक हाल ही में दफ्तर आए एक व्यक्ति पर जताया है। पुलिस को दी शिकायत में अभिनंदन जैन ने बताया कि 6 तारीख की सुबह करीब 10 बजे जब वह अपनी होजरी फैक्ट्री पहुंचे तो उन्होंने देखा कि टेबल का दराज खुला हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित का कहना है कि जिस व्यक्ति पर शक जताया गया है, उसका नाम मोहित सिंह है, जो हाल ही में उनकी होजरी फैक्ट्री में आया था। उसी के जाने के बाद दराज से पैसे गायब होने का पता चला। मामले की जानकारी मिलते ही थाना डिवीजन-4 की पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी किरण कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।


