भास्कर न्यूज | लुधियाना आत्म नगर विधानसभा हलके में अवैध होर्डिंग्स की भरमार को लेकर अब राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। आरोप है कि नगर निगम द्वारा होर्डिंग हटाने की कार्रवाई में पिक एंड चूज की नीति अपनाई जा रही है। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि निगम की कार्रवाई केवल कांग्रेस के खिलाफ की गई, जबकि अन्य राजनीतिक दलों की होर्डिंग्स आज भी सड़कों और चौक-चौराहों पर लगी हुई हैं। कांग्रेस पार्टी आत्म नगर वार्ड नंबर 49 के इंचार्ज जसविंदर सिंह ने नगर निगम कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आत्म नगर हलके में केवल कांग्रेस पार्टी के होर्डिंग्स को ही जानबूझकर टारगेट किया गया। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से कांग्रेस के बोर्ड तो उतार दिए गए, लेकिन आम आदमी पार्टी और अन्य दलों की होर्डिंग्स जस की तस लगी हुई हैं। जसविंदर सिंह ने इसे राजनीतिक भेदभाव बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई निष्पक्ष नहीं बल्कि पक्षपातपूर्ण है। नगर निगम जोन-डी के तहबाजारी सुपरिंटेंडेंट अश्वनी कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनकी ड्यूटी बदल दी गई है और अब यह चार्ज नरेश कुमार के पास है। जब नरेश कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने साफ इनकार करते हुए कहा कि होर्डिंग उतारने का काम उनके अधीन नहीं है और उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस विषय में विज्ञापन विभाग के इंचार्ज राजीव सग्गड़ से बात करें। जब राजीव सग्गड़ से संपर्क किया तो उन्होंने नरेश कुमार पर जिम्मेदारी डाल दी कि होर्डिंग उतारने का काम उन्हीं का है। जब उन्हें बताया कि नरेश कुमार ने इससे इनकार कर दिया है, तो राजीव सग्गड़ ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। आत्म नगर विधानसभा हलके में लगे अवैध होर्डिंग्स। वहीं, कांग्रेस यूथ प्रधान चेतन नारंग ने भी नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि दुगरी फेज-1 और दुगरी फेज-2 में कांग्रेस पार्टी के नेताओं की जितनी भी होर्डिंग्स लगी हुई थीं, वे रातों-रात गायब कर दी गईं, जबकि दूसरी पार्टियों की होर्डिंग्स को हाथ तक नहीं लगाया गया। चेतन नारंग ने कहा कि अगर नगर निगम को नियमों के तहत कार्रवाई करनी थी तो सभी राजनीतिक दलों की होर्डिंग्स हटाई जानी चाहिए थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सिर्फ कांग्रेस को ही निशाना बनाया गया।


