कार की टक्कर से पलटी कार, इलाज के दौरान छह साल के बच्चे की मौत

लुधियाना| डेहलो के रुढ़का चौक पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में छह साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कार कई बार पलटी खा गई और पूरा परिवार बुरी तरह जख्मी हो गया। थाना डिहलों पुलिस को दी शिकायत में लहल गांव निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी हरविंदर कौर और छह साल के बेटे धर्मिंदर के साथ कार में सवार होकर रुढ़का चौक की ओर जूस पीने जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी कार सड़क के एक तरफ खड़ी की थी। उसी समय लुधियाना की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक रिट्ज कार ने उनकी खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कुलदीप सिंह की कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे के बाद रिट्ज कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनका बेटा धर्मिंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई जरनैल सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर रिट्ज कार चालक सुनील कुमार, निवासी भाई बीर सिंह नगर, मलेरकोटला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *