पंचायत में रहते हैं 2 कर्मचारी काम का दबाव कम करें

भास्कर संवाददाता | बड़वानी पंचायत सचिव व सहायक सचिवों ने समस्याओं को लेकर गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। मप्र पंचायत सचिव-सहायक सचिव संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कर्मचारियों ने नायब तहसीलदार बाबूसिंह निनामा को ज्ञापन दिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी तो आंदोलन करेंगे। सहायक सचिव महासंघ के अध्यक्ष दिलीप नावडे ने बताया ग्राम पंचायतों में सिर्फ 2 कर्मचारी होते हैं। समय पर लक्ष्य पूरे करना मुश्किल हो जाता है। जिससे कर्मचारियों पर लगातार दबाव रहता है। कर्मचारियों ने कहा आयुष्मान कार्ड, गर्भवती महिलाओं से जुड़े काम और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं का काम पंचायत अमले से कराया जा रहा है। इससे पंचायत के मूल काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि दबाव बनाया गया तो आयुष्मान कार्ड का काम नहीं करेंगे। सर्वे के दौरान हमला ज्ञापन में जपं पाटी के सहा. सचिव मुकेश सोलंकी पर सर्वे के दौरान हुए हमले का जिक्र किया गया। सिलावद थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कर्मचारियों ने सख्त कार्रवाई की मांग की। मोबिलाइजरों को समय पर मानदेय नहीं मिल रहा। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 8 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय लागू करने व बकाया भुगतान की मांग की गई। कर्मचारियों ने कहा उनकी 12 सूत्रीय मांगों का जल्द निराकरण किया जाए अन्यथा कलमबंद हड़ताल, क्रमिक भूख हड़ताल और उग्र प्रदर्शन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *