कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र से गुजरने वाली बायीं मुख्य नहर में मंगलवार देर रात एक युवक के डूबने की दर्दनाक घटना सामने आई। रात करीब 10:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को नहर में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली, जिसके बाद यह जानकारी नगर निगम की गोताखोर टीम को दी गई। सूचना मिलते ही भीषण ठंड और अंधेरे के बावजूद नगर निगम के अनुभवी गोताखोर चंगेज खान के नेतृत्व में करीब आठ सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ाके की ठंड और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। गोताखोरों ने पूरी रात नहर में तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आज तड़के करीब 2:50 बजे युवक का शव नहर से बरामद कर लिया गया, जिसे कुन्हाड़ी थाना पुलिस और परिजनों को सुपुर्द किया गया। मृतक की पहचान मानवेंद्र सिंह निवासी करौली, मेहंदीपुर बालाजी के रूप में हुई है। गोताखोर चंगेज खान ने बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण पानी में उतरकर तलाशी लेना जोखिम भरा था, लेकिन मानव सेवा के उद्देश्य से पूरी टीम ने साहस और समर्पण के साथ कार्य किया। रेस्क्यू टीम में चंगेज खान के साथ गोरीशंकर कश्यप, गिरीश श्रृंगी, जितेंद्र सालवी, सूरज राव, सुनील श्रृंगी और संदीप गौतम शामिल रहे, जिन्होंने बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया। घटना के बाद कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट करवाया, जहां आज परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि युवक ने आत्महत्या की या फिर वह दुर्घटनावश नहर में गिरा।


