टोंक में जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक मकान की दूसरी मंजिल पर छापा मार कर करीब 100 किलो नकली घी जब्त किया हैं। साथ ही दो खाद्य पदार्थ के 2 नमूने लिए है। यह कार्रवाई आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाए जाने के लिए विशेष अभियान शुद्ध आहार मिलावट पर वार के तहत की गई है। खाद्य सुरक्षा व औषधि नियंत्रण आयुक्त टी शुभंगला के निर्देशों पर पालना में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर के नेतृत्व में विभाग की टीम ने की है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर चले गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी(CMHO) डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर द्वारा टोंक शहर में संचालित फर्म श्री महावीर डिपार्टमेंटल स्टोर इंदिरा कॉलोनी टोंक का निरीक्षण किया। यहां कृष्णा घी एवं सरस घी के 2 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भिजवाया गया, साथ ही 58 किलो कृष्णा घी एवं 49 किलो सरस घी को सीज किया। इसके अलावा महान घी एवं सरस घी के खाली डिब्बे भी मौके पर मिले। उन्हें भी सीज किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया कि मिलावटी खाद्य तेल, मिलावटी घी, मिलावटी दूध एवं दूध से निर्मित खाद्य पदार्थ मावा, पनीर, मिलावटी मसाले, अन्य मिलावटी खाद्य सामग्री पेय पदार्थ, आटा, बेसन आदि तथा खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार मिलावट खोरों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आज भी मौके पर घी मिला है, आज सीज किया गया घी प्रारंभिक नकली लगा है। फिर भी वास्तविकता सैंपलों की जांच के बाद सामने आ जाएगी।


