रीवा शहर के वार्ड क्रमांक 29 में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मोहल्ले के लोगों ने चोरी के आरोप में एक युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया। शुक्रवार को गुस्साए लोगों ने युवक को खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटे तक युवक खंभे से बंधा रहा, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पकड़ा गया युवक लंबे समय से क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। वह एक गिरोह के साथ मिलकर मोहल्ले के कई घरों में चोरी कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोग दहशत में थे और काफी समय से सतर्कता बरत रहे थे। संदिग्ध हालत में पकड़ा गया युवक
इसी सतर्कता के दौरान मोहल्ले के लोगों ने युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसे खंभे से बांध दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। युवक करीब एक घंटे तक खंभे से बंधा रहा। युवक के पकड़े जाने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया। ददुआ स्वीपर बताया जा रहा युवक
मोहल्लेवासियों के अनुसार पकड़े गए युवक का नाम ददुआ स्वीपर बताया जा रहा है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके साथ चोरी की घटनाओं में और कौन-कौन शामिल था। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


