यतायात थाना का भवन जर्जर , जनता – पुलिस दोनों परेशान

भास्कर न्यूज | गिरिडीह शहर के मकतपुर स्थित यतायात थाना विगत 20 वर्षों से क्षतिग्रस्त होने के कारण पुलिस आवास भवन में संचालित हो रहा है। थाना का अपना भवन न होने के कारण पूरी गतिविधियां एक कमरे में सीमित हैं, जिससे न केवल जनता को परेशानी होती है, बल्कि थाना कर्मियों के लिए भी काम करना मुश्किल हो गया है। थाना में जब्त किए गए वाहनों को छुड़ाने के लिए आने वाले लोग इस भीषण ठंड में बाहर बैठकर थाना प्रभारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। यतायात थाना परिसर में आम जनता के बैठने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। वहीं, जिस पुलिस आवास भवन में थाना चल रहा है, वह भी जर्जर स्थिति में है और दो से अधिक लोगों का एक साथ बैठना असंभव है। थाना भवन के अभाव के बावजूद यतायात थाना हर वर्ष सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व देती है। बावजूद इसके, सरकार द्वारा अभी तक नए भवन का निर्माण नहीं किया जा सका है। थाना प्रभारी दुगन टोेपनो ने बताया कि नया थाना भवन बनाने के लिए भवन प्रमंडल के कनिष्ठ अभियंता ने मापी कर प्रस्ताव तैयार कर सरकार को स्वीकृति हेतु भेजा है। भवन प्रमंडल ने सरकार से स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा कर्मी और जनता दोनों ही भवन की जर्जर स्थिति को लेकर चिंतित हैं। जनता की ओर से कहा जा रहा है कि वाहन छुड़ाने और अन्य यतायात संबंधी सेवाओं के लिए लोगों को लंबे समय तक बाहर खड़ा रहना पड़ता है। थाना कर्मियों का कहना है कि कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और उन्हें भी उचित स्थान नहीं मिलने के कारण ड्यूटी करने में कठिनाई हो रही है। नया थाना भवन बनने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और भवन प्रमंडल ने सरकार से स्वीकृति प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव भेज दिया है। लोगों की उम्मीद है कि जल्द ही यतायात थाना का नया भवन बन जाएगा और जनता व पुलिस दोनों को राहत मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *