बालू लदे 20 वाहन जब्त, प्रत्येक पर एक-एक लाख का लगाया गया जुर्माना

भास्कर न्यूज| खड़गपुर जिले में भूमि एवं भूमि सुधार विभाग ने बालू तस्करी के एक बड़े गिरोह को पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने लगातार विशेष अभियान चलाकर दांतन इलाके से बालू लदे 20 वाहनों को जब्त किया। प्रत्येक वाहन पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया जांच में यह तथ्य सामने आया है कि तस्करों ने सरकारी राजस्व को चूना लगाने के लिए एक नयाब तरीका अपनाया था। नियमों के अनुसार, दांतन से पांसकुड़ा तक बालू ले जाने के लिए 12 घंटे का समय मिलता है। इसी दौरान बालू को पांसकुड़ा ले जाने की बजाय रास्ते में ही बेलदा, नारायणगढ़ और मनोहरपुर जैसे बाजारों में उतार देते थे। कम समय में माल खाली होने के कारण वे उसी वैध कागजात पर दोबारा खदान से बालू भरकर परिवहन करते थे। इससे एक ही चालान पर कई बार बालू की निकासी की जा रही थी। भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों ने सुवर्णरखा नदी के किनारे स्थित दांतन-एक ब्लॉक की खदानों का भी निरीक्षण किया। खड़गपुर की एसडीओ सुरभि सिंगला और भूमि सुधार अधिकारी अभिजीत भुइयां ने पाया कि खदानों से जारी अधिकांश चालान पांसकुड़ा के लिए थे। अधिकारियों को संदेह है कि इस पूरे खेल में खदान मालिकों की भी मिलीभगत है। विभाग अब इन खदान मालिकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के लिए राज्य और जिला प्रशासन को पत्र लिखने की तैयारी कर रहा है। बताते चले कि तस्कर अब भारी वाहनों के स्थान पर ट्रैक्टरों का उपयोग अधिक कर रहे हैं, क्योंकि ये ग्रामीण रास्तों से आसानी से निकल जाते हैं। पकड़े गए वाहनों में कई बिना नंबर प्लेट के भी पाये गये। विभाग के अनुसार, 100 सीएफटी के चालान पर 150 सीएफटी तक बालू लादकर ओवरलोडिंग भी की जा रही थी। महकमा भूमि एवं भूमि सुधार अधिकारी अभिजीत भुइयां ने बताया कि पकड़े गए वाहनों पर कुल 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जब तक यह राशि सरकारी कोष में जमा नहीं होती, तब तक इन वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंनें स्पष्ट किया कि अवैध बालू उत्खनन और तस्करी रोकने के लिए आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *