कोटा में कुत्ते के अटैक के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे। अब नए कोटा के रंगबाड़ी स्थित वीरसावरकर नगर में एक पालतू कुत्ते ने 3 मासूम बच्चों को काट लिया। 11 साल के प्रदीप,5 साल की मुनमुन व 3 साल की जाह्नवी जख्मी हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर गए। जहां उनकी ड्रेसिंग की गई। घटना देर से शाम साढ़े 5 बजे के आसपास की है। प्रदीप के बड़े भाई अतेंद्र सिंह ने बताया वो रंगतालाब इलाके में रहते है। गुरुवार को परिवार सहित अपने ननिहाल वीरसावकर नगर में आए थे। शुक्रवार शाम को मदर टेरेसा पार्क के पास छोटा भाई प्रदीप, मौसी की बेटी मुनमुन व मामा की बेटी जाह्नवी, छुपन छुपाई खेल रहे थे। उसी समय एक व्यक्ति वहां जर्मन शेफर्ड कुत्ते को घुमा रहा था। कुत्ते के गले मे पट्टा नहीं बंधा हुआ था। कुत्ते ने मुनमुन पर हमला कर दिया। छोटे भाई ने मुनमुन को संभाला तो कुत्ते ने छोटे भाई की पीठ पर हमला कर दिया। फिर जाह्नवी पर झपटा। कुत्ते के हमले में प्रदीप व मुनमुन की पीठ पर घाव हुआ है। जबकि जाह्नवी के हाथ पर नोंचा। तीनों का हॉस्पिटल में इलाज करवाया। इंजेक्शन लगवाए। फिर घर लेकर आ गए। अभी शिकायत नहीं दी है।


