लहार में मारपीट मामला, गोली चलाने का आरोप:एक पक्ष ने की एफआईआर, दूसरे ने एसडीओपी से शिकायत की; ईंट भट्टे का विवाद

भिंड जिले के लहार कस्बे में महाराणा प्रताप चौराहे पर शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक और अवैध कट्टे से फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है, वहीं दूसरे पक्ष ने एफआईआर दर्ज न होने पर एसडीओपी से शिकायत की है। ईंट के कारोबार को लेकर पुराना विवाद
जानकारी के अनुसार लहार थाना क्षेत्र के अजनार गांव निवासी मुन्ना सिंह तेजा और लहार कस्बे के निवासी बसंत व्यास के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। दोनों ही ईंट के कारोबार से जुड़े हुए हैं। शुक्रवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते महाराणा प्रताप चौराहे पर मारपीट में बदल गया। फायरिंग और मारपीट के लगाए आरोप
आरोप है कि मुन्ना सिंह तेजा और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने बसंत व्यास की गाड़ी पर लाइसेंसी बंदूक से फायर किए। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि बसंत व्यास और उनके भाई ने लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुन्ना सिंह तेजा की शिकायत पर बसंत व्यास और उनके भाई के खिलाफ साधारण मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। दूसरे पक्ष ने SDOP से की शिकायत
इधर, बसंत व्यास जब अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी शिकायत पर भी साधारण मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज करने की बात कही। हालांकि बसंत व्यास का कहना है कि आरोपी पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक और अवैध कट्टे से फायरिंग की है, इसलिए गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जाना चाहिए। सहमति न बनने के चलते पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। बसंत व्यास ने एसडीओपी लहार प्रवीण त्रिपाठी को शिकायती आवेदन देकर बताया कि मौके से पुलिस को चले हुए कारतूसों के खोखे भी मिले हैं, इसके बावजूद उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने लहार टीआई शिवसिंह यादव पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए उचित जांच की मांग की है। लहार टीआई शिवसिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। दोनों ही पक्ष गोली चलने की बात कह रहे थे। एक पक्ष की ओर से साधारण मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष का भी साधारण धाराओं में मामला दर्ज किया जाना था, लेकिन वे फायरिंग की धाराओं पर अड़े रहे, जिस कारण वे वापस लौट गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *