साल 2026 की शुरुआत में खगोल प्रेमियों के लिए एक खास नजारा देखने को मिलेगा। आज शनिवार को एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना घटित हो रही है, जब सौरमंडल का सबसे बड़ा ग्रह बृहस्पति (जुपिटर), पृथ्वी और सूर्य एक सीधी रेखा में होंगे। इस खगोलीय स्थिति के कारण बृहस्पति पृथ्वी के अपेक्षाकृत नजदीक रहेगा और सामान्य दिनों की तुलना में अधिक चमकीला व बड़ा दिखाई देगा। विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि आज दोपहर 2 बजकर 4 मिनट पर बृहस्पति, पृथ्वी और सूर्य एक सीध में आएंगे। इस समय बृहस्पति की पृथ्वी से दूरी लगभग 63 करोड़ 30 लाख 76 हजार किलोमीटर रहेगी। दूरी कम होने के कारण बृहस्पति का दर्शन वर्ष के श्रेष्ठ अवसरों में से एक माना जा रहा है। सारिका के अनुसार आज शाम को बिना किसी टेलीस्कोप के भी बृहस्पति को पूर्व दिशा में तेज चमक के साथ देखा जा सकता है। यदि किसी के पास टेलीस्कोप है, तो बृहस्पति की डिस्क पर बनी धारियां और उसके चार प्रसिद्ध गैलीलियन चंद्रमा भी साफ दिखाई देंगे। इस दौरान बृहस्पति की चमक माइनस 2.68 मैग्नीट्यूड तक पहुंच जाएगी, जो इसे रात के आकाश के सबसे चमकीले पिंडों में शामिल कर देती है। वर्तमान में बृहस्पति आकाश में मिथुन तारामंडल में स्थित है। यह शाम को उदित होकर पूरी रात आकाश में दिखाई देगा, मध्य रात्रि के समय सिर के ठीक ऊपर रहेगा और सुबह पश्चिम दिशा में अस्त हो जाएगा।खगोल प्रेमियों के लिए आज का दिन खास है, जब पृथ्वी और बृहस्पति आमने-सामने होंगे। ऐसे में आज शाम आकाश की ओर नजर उठाकर गुरूदर्शन का आनंद लिया जा सकता है। बृहस्पति के बारे में कुछ रोचक तथ्य


