मंदसौर में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन:सल्फास प्रतिबंध को लेकर शव यात्रा, 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा

मंदसौर जिले की जनहित समस्याओं को लेकर शनिवार दोपहर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मंदसौर में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं। इस दौरान सल्फास की गोली पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर एक शव यात्रा भी निकाली गई। यह विरोध जुलूस गांधी चौराहे से महाराणा प्रताप चौराहे तक निकाला गया, जिसका उद्देश्य शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना था। प्रदर्शन के बाद प्रशासन को 11 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समय रहते ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ये हैं आजाद समाज पार्टी की प्रमुख 11 मांगें- 1. सल्फास (Aluminium Phosphide) की गोली पर पूर्ण प्रतिबंध
वर्ष 2003 में प्रतिबंधित अत्यंत जहरीली सल्फास की गोली आज भी खुले बाजार में बिक रही है, जिससे पिछले 5 वर्षों में मंदसौर जिले में 50 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। खुले बाजार में बिक्री पर पूर्ण रोक, अवैध कृषि बिक्री बंद हो, विक्रेताओं व सप्लाई चेन की जांच, दोषियों पर FIR, लाइसेंस निरस्तीकरण व जेल की कार्रवाई की जाए। ड्रग इंस्पेक्टर व कृषि विभाग की संयुक्त जांच टीम गठित हो और प्रत्येक मौत पर मर्ग नहीं बल्कि आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए। 2. बुलडोजर न्याय पर रोक
सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट दिशानिर्देशों के बावजूद मंदसौर जिले में कथित रूप से धर्म देखकर एकतरफा कार्रवाई करते हुए मकानों को अवैधानिक रूप से ध्वस्त किया जा रहा है, जैसा कि हाल ही में शामगढ़ और खजुरी रुंडा में हुआ। बिना 15 दिन के नोटिस के की जा रही कार्रवाई असंवैधानिक है। दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी कार्रवाई न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। 3. आंगनवाड़ी भर्ती में फर्जीवाड़े की जांच
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत सीतामऊ, सुवासरा एवं गरोठ क्षेत्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति का आरोप लगाया। साथ ही योग्य उम्मीदवार पुष्पा पति मंगलेश चौहान को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। 4. टकरावद गांव में दलित समाज की सार्वजनिक कुएं से अवैध कब्जा हटे मल्हारगढ़ तहसील के टकरावद गांव में दलित समाज के सार्वजनिक जलस्रोत पर किए गए अवैध कब्जे को तत्काल हटाया जाए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। 5. किसान-मंडी संकट का समाधान प्याज-लहसुन के गिरते दाम, मंडी भुगतान में देरी को देखते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य, समयबद्ध भुगतान और मंडी व्यवस्था में सुधार किया जाए। 6. आरक्षण में प्रमोशन व SC/ST अत्याचार पर सख्ती। आरक्षण में प्रमोशन तत्काल लागू किया जाए। SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत FIR में टालमटोल बंद हो और मामलों की समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित की जाए। 7. विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की जांच। बसई से कायमपुर चौपाटी वाया डिगांव रोड सहित अन्य निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी ठेकेदारों व अधिकारियों पर कार्रवाई हो। 8. लाड़ली बहना एवं पेंशन योजनाओं में सुधार वंचित महिलाओं को लाड़ली बहना योजना में शामिल किया जाए। राशि बढ़ाकर ₹3000 प्रतिमाह की जाए।
वृद्धा एवं विधवा पेंशन ₹600 से बढ़ाकर ₹1500 प्रतिमाह की जाए। 9. कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश केंद्रीय/राज्य सेवा नियमों के अनुसार प्रत्येक कर्मचारी को साप्ताहिक एवं अन्य निर्धारित छुट्टियां सुनिश्चित की जाएं। 10. मंदसौर जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था में सुधार डॉक्टरों व दवाइयों की कमी दूर की जाए। रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती कर गरीब मरीजों के लिए निशुल्क जांच व इलाज सुनिश्चित किया जाए। 11. सभी तहसीलों में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना सुवासरा तहसील को छोड़कर जिले की अन्य तहसीलों में बाबा साहब की प्रतिमा नहीं है। एक माह के भीतर सभी तहसीलों में प्रतिमा स्थापना के लिए स्थान आवंटित किया जाए, अन्यथा जिलेभर में अंबेडकर वादी आंदोलन किया जाएगा। आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन जनता के हक और संविधान की रक्षा के लिए है। यदि प्रशासन ने मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *