बालाघाट में किराना दुकान में लगी आग:साढ़े तीन घंटे में 13 दमकल वाहनों ने बुझाई, 50 लाख से अधिक का नुकसान

बालाघाट के सुभाष चौक स्थित ‘गुरुकृपा सेल्स कार्पोरेशन’ नामक किराना होलसेल दुकान में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि इसे बुझाने में 13 से ज्यादा दमकल गाड़ियों को साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे में व्यापारी को करीब 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका दोपहर करीब 2 बजे दुकान की तीसरी मंजिल से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों ने शोर मचाया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि आग लगने की असली वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान मालिक श्याम जवाहरानी ने बताया कि गोदाम में अगरबत्ती, कपूर, धूप, मिर्ची और मसालों का भारी स्टॉक रखा था, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। ऊंचाई और भीड़ की वजह से आई मुश्किलें आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की टीम को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। दुकान की तीसरी मंजिल काफी ऊंची थी और नीचे बाजार के व्यावसायिक वाहन खड़े होने की वजह से दमकल की गाड़ियों को सही जगह तक पहुँचने में दिक्कत आई। इसी वजह से आग पर काबू पाने में साढ़े तीन घंटे से ज्यादा का समय लग गया। बाजार में मचा हड़कंप शहर के मुख्य व्यापारिक इलाके में आग लगने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि आग दुकान के भीतर ही सीमित रही और आसपास की दुकानों तक नहीं फैली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारी सुरक्षा और फायर सिस्टम को लेकर चिंतित नजर आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *