भास्कर न्यूज | अमृतसर निगम ने 20 हजार डॉग्स के स्टरलाइजेशन के लिए नया टेंडर लगाने को हाउस में प्रस्ताव पास कर लोकल बॉडीज विभाग को भेजा था मगर 8 माह से अप्रूवल नहीं मिल सकी है। 7 साल में 2018 से अगस्त 2025 तक करीब 30 हजार डॉग्स स्टरलाइज किए जा चुके हैं। 20 हजार डॉग्स स्टरलाइज करने को लेकर निगम ने एनिमल वेलफेयर चेरिटेबल ट्रस्ट को 1.80 करोड़ में अगस्त 2023 में टेंडर अलॉट किया था जिसकी डेडलाइन अगस्त 2025 में खत्म हो चुकी है। हालांकि नए टेंडर निकलने में देरी होने से काम ठप्प न पड़ जाए इसके लिए पुरानी कंपनी को ही टेंडर का 25% डॉग्स स्टरलाइज करने को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई। जिसमें अब तक करीब 2 हजार स्टरलाइज कराए जा चुके हैं। 3 हजार डॉग्स को स्टरलाइज करने के बाद यह एग्रीमेंट भी खत्म हो जाएगा। दरअसल, निगम के पास यह अधिकार है कि टेंडर खत्म होने के बाद कंपनी का काम ठीक रहा तो जो भी नया टेंडर निकाला जाना है, उसका 25 फीसदी काम सौंपा जा सकता है। इसी आधार पर पुरानी कंपनी को ही 5 हजार डॉग्स स्टरलाइज करने के लिए काम सौंप दिया गया था। बता दें कि निगम हाउस की 9 माह बाद नए मीटिंग बुलाने को लेकर तैयारियां चल रही हैं लेकिन पुराने प्रस्ताव जो भेजे गए वही लटके पड़े हैं। मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने उच्च अफसरों से बात करेंगे कि किस लेवल पर प्रस्ताव पेंडिंग है। जल्द ही लोकल बॉडीज विभाग से पास कराकर टेंडर लगवाया जाएगा।


