रुपयों के विवाद में दुकान पर ईंट और पत्थर चलाए

भास्कर न्यूज |लुधियाना रुपयों के विवाद में बाबा थान सिंह चौक नजदीक शनिवार दोपहर हिंसक विवाद हो गया। दो युवकों ने एक दुकान पर धावा बोल दिया। मारपीट और ईंट-पत्थरबाजी में दुकान संचालक सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते डॉक्टरों को 12 टांके लगाने पड़े। जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालक सोनू ने बताया कि दोपहर के समय दो युवक दुकान पर आए और पेमेंट की मांग करने लगे। उनमें से एक युवक नशे की हालत में था। सोनू ने बताया कि उन्होंने युवकों को कहा कि दूसरा भाई फिलहाल दुकान पर नहीं है और थोड़ी देर बाद आने को कहा। इस बात पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने सोनू को थप्पड़ मार दिया और फिर मारपीट शुरू हो गई। हंगामा बढ़ता देख सोनू ने दुकान मालिक को फोन किया। मालिक के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी युवकों ने दुकान पर ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने दुकान से पैसे निकालने की भी कोशिश की। मारपीट के दौरान साहिल नामक युवक, जो बीच-बचाव करने आया था, उसके सिर पर ईंट लग गई। उसे गंभीर चोट आई और अस्पताल में उसके सिर पर 12 टांके लगाए गए। वहीं, सोनू के साथ मौजूद सिमरन को भी सिर में चोट लगी, जिसे 5 टांके आए। तीसरा घायल हमलावर पक्ष का एक युवक बताया जा रहा है। उधर, थाना नंबर-3 के एएसआई महिंदर लाल ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं। प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा लग रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *