गणतंत्र दिवस पर इस बार झारखंड का गौरव दिखेगा। मोरहाबादी मैदान में जब 12 विभागों की झांकियां एक साथ निकलेगी, तो रांचीवासियों को न सिर्फ देशभक्ति बल्कि ‘नए झारखंड’ की झलक भी देखने को मिलेगी। इनमें एक ओर जहां झारखंड सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं और नीतियों पर केंद्रित झांकियां होंगी तो दूसरी ओर राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहर को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाली झांकियों का भी प्रभावशाली प्रदर्शन होगा। इसके अतिरिक्त परेड में 15 प्लाटून और 3 बैंड भी होंगे। 18 जनवरी से 23 जनवरी तक सभी अपनी अंतिम तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। 24 जनवरी को अंतिम रिहर्सल होगा। शनिवार को गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर आयोजित बैठक के दौरान डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने ये जानकारी दी। बैठक में मोरहाबादी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी पर विचार-विमर्श करते हुए उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल-1 को आने वालों के लिए मैदान के दोनों ओर वाटरप्रूफ पंडाल, गैलरी, कुर्सी की व्यवस्था, मैदान समतलीकरण एवं बैरिकेटिंग, स्टेज एवं साउंड बॉक्स के लिए टावर निर्माण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। किसको मिली कौन-कौन सी जिम्मेदारी… भवन प्रमंडल कार्यपालक अभियंता वाटरप्रूफ पंडाल, गैलरी, स्टेज, साउंड टावर व कुर्सियों की व्यवस्था देखेंगे। नजारत उपसमाहर्त्ता वीवीआईपी बैठने की व्यवस्था, पुष्प सज्जा और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करेंगे। कार्यपालक अभियंता विद्युत कार्य प्रमंडल को साउंडप्रूफ जेनरेटर एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को अस्थायी शौचालय, पेयजल और वीआईपी टॉयलेट की व्यवस्था करने को कहा गया है। नगर निगम को मैदान व मुख्य सड़कों की सफाई और ट्रैफिक पुलिस को पार्किंग एवं मार्ग व्यवस्थापन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। समारोह में 12 विभागों की निकलेगी झांकी वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, ग्रामीण विकास, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता, सूचना एवं जन संपर्क, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खादी ग्रामोद्योग, परिवहन, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा, उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग।


