भास्कर न्यूज | लुधियाना गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स के ग्राउंड में ग्रैंड शापिंग एक्सपो 2026 चल रहा है। खरीददारी में बहुत बड़ी वैरायटी इस एक्सपो में मौजूद है। लोगों में देश भर के विभिन्न शहरों से आए व्यंजन स्टॉलों के अलावा खरीददारी के लिए क्रेज देखने को मिला। मुंबई से हैप्पी ड्रोन के साथ पहुंचे रवि बताते हैं कि यह सिर्फ बजाने का एक वाद्य यंत्र नहीं, बल्कि इससे बेहतर टाइम पास भी होता है। हैप्पी ड्रोन सिर्फ बच्चों का नहीं, बल्कि बड़ों का भी मनोरंजन करता है क्योंकि इसकी मधुर धुनें हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देती हैं। कश्मीरी परिधान काफ्तान के साथ एक्सपो में पहुंची रूबीना बताती हैं कि मैं राजस्थान की रहने वाली हूं, लेकिन मुझे खरीददारी करना पसंद है। कश्मीरी काफ्तान के लिए पर्यटकों में क्रेज है क्योंकि यह देखने में आकर्षक होने के साथ सर्दियों में ठंड से राहत दिलाने वाला स्टाइलिश परिधान है। कश्मीर से काहवा केतली और अन्य आभूषणों के साथ पहुंचे शेख ने बताया कि आधुनिकता के दौर में भले ही काहवा केतली का महत्व कम हो रहा है, स्वाद के लिए कोई भी समझौता नहीं करना चाहता। स्वाद चख चुके ग्राहक स्टाल पर आ रहे हैं। राजस्थान से आए मोहम्मद रजाक ने बताया कि अफगानिस्तान में ड्राई फ्रुट ही पैदा होता है। हमारे ड्राई फ्रुट पूरी तरह से शुद्ध हैं, इसलिए ग्राहक विश्वास दिखा रहे हैं। ग्रैंड शॉपिंग एक्सपो में देश के अलावा राज्य के प्रमुख ब्रांड जैसे एमडीएच मसाले, एवरेस्ट मसाले, बीएमसी मसाले, नारपा स्पाइसिस, बुलबुल ऑयल, गगन वनस्पति के स्टॉल भी भाग ले रहे हैं।


