भामसं की झारखंड प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मजदूर हित और अधिकारों पर की गई चर्चा

भास्कर न्यूज | गढ़वा भारतीय मजदूर संघ, झारखंड प्रदेश की कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कार्यालय, रेहला रोड चेतना, गढ़वा में शुरू हुआ। इस बैठक का उद्घाटन संघ के प्रदेश अध्यक्ष बलिराम यादव, प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री डीडी शुक्ला, प्रदेश संगठन मंत्री बृजेश कुमार, भाजपा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य अलखनाथ पांडये व एकल अभियान के जिला अध्यक्ष डॉक्टर पतंजलि केसरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। यह बैठक राष्ट्र हित, उद्योग हित और मजदूर हित को केंद्र में रखकर आयोजित की गई है। बैठक का मुख्य उद्देश्य मजदूरों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा कर उनके अधिकारों की रक्षा एवं कल्याण के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति तैयार करना है। इस अवसर पर मजदूर हित में संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया। बैठक में विशेष रूप से झारखंड प्रदेश के असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने असंगठित क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों, विशेषकर गिग वर्कर और गिग कर्मियों की स्थिति पर चिंता जताई, जिनकी कोई स्पष्ट पहचान और स्थायी आय का स्रोत नहीं है। चर्चा के दौरान यह विचार रखा गया कि ऐसे श्रमिकों और उनके परिवारों को भी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। भारतीय मजदूर संघ ने निर्णय लिया कि इस विषय में केंद्र और राज्य सरकार को अवगत कराते हुए न्यूनतम पारिश्रमिक, सामाजिक सुरक्षा और पहचान से जुड़े मुद्दों पर ठोस नीति बनाने की मांग की जाएगी। इसके अलावा संगठनात्मक मजबूती पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश के सभी जिलों में उद्योगों और मजदूरों तक अंतिम पंक्ति तक पहुंचने की रणनीति बनाई गई, ताकि जमीनी स्तर पर मजदूरों की समस्याओं को समझकर उन्हें समाधान के लिए आगे बढ़ाया जा सके। बैठक में केंद्र द्वारा संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। बैठक में गढ़वा जिला अध्यक्ष एसएस वर्मा, जिला मंत्री विश्वनाथ यादव, कार्यकारी अध्यक्ष जयशंकर मेहता, संगठन मंत्री बसंत शर्मा, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी महतो, भवन निर्माण जिला अध्यक्ष कैलाश शर्मा, जिला मंत्री राम प्रताप यादव, झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सह गढ़वा जिला अध्यक्ष नीरज तिवारी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश, उपाध्यक्ष रविकांत देव, गढ़वा जिला सचिव रितेश रंजन, कोषाध्यक्ष ललन चौधरी समेत संगठन से जुड़े अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। भारतीय मजदूर संघ की बैठक में उपस्थित प्रदेश के पदाधिकारी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *