इंदौर में शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन (26) समेत 3 की मौत हो गई। हादसे में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल (25) और उनके साथी मानसंधु (26) की भी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, एक युवती अनुष्का राठी गंभीर रूप से घायल है और निजी अस्पताल में उसका इलाज जारी है। इस भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है। जो 3 फुटेज रिकॉर्ड हुए हैं, वे दिल दहला देने वाले हैं। सीसीटीवी फुटेज में कार तो ठीक से नजर नहीं आ रही है लेकिन हादसे के पहले उसकी आवाज जरूर सुनाई दे रही हैं। कार के घिसटाने और डंपर से ठुकाने की धमाकेदार आवाज 3 सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। सीसीटीवी कैमरे में दर्ज समय के अनुसार यह हादसा शुक्रवार सुबह ठीक 4 बजकर 54 मिनट 54 सेकेंड पर हुआ है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 130–140 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से कार चला रहा युवक शराब के नशे में था। हादसे की भयावता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डंपर की टक्कर से कार में पीछे की सीट पर बैठी प्रेरणा बच्चन उछलकर बोनट पर जा गिरीं, बाद में उनका शव वहीं मिला। 2 तस्वीरों में हादसा 6 सेकेंड तक घिसटती रही कार जांच में यह बात सामने आई है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। हालांकि कार की वास्तविक गति कितनी थी, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, ड्राइवर ने टक्कर से ठीक 6 सेकेंड पहले ब्रेक लगाया था। ब्रेक लगते ही कार घिसटती हुई डंपर से जा टकराई, जिसके बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। प्रेरणा का उछलकर डंपर से टकराया सिर
रालामंडल के पास बायपास पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस और एफएसएल की शुरुआती जांच से अहम तथ्य सामने आए हैं। जांच में पुष्टि हुई है कि प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा कार की पिछली सीट पर बीच में बैठी हुई थीं। तेज रफ्तार कार जब सामने खड़े डंपर से टकराई, तो झटके के कारण प्रेरणा संतुलन खो बैठीं और उछलकर आगे जा गिरीं। इसी दौरान उनका सिर सीधे डंपर से टकरा गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, कार की आगे वाली सीटों पर बैठे प्रखर और मानसंधु को सीधी टक्कर में गंभीर चोटें आईं, जिनके कारण उन्होंने भी दम तोड़ दिया। डंपर पर मिले बाल और मांस के टुकड़े
तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के अनुसार हादसे के बाद शनिवार को एफएसएल टीम ने थाने पहुंचकर जांच की। जिस डंपर से कार टकराई थी, उसके पिछले हिस्से पर प्रेरणा के बाल और मांस का अंश मिला है। इन सभी के सैंपल जांच के लिए सुरक्षित कर लिए गए हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि टक्कर के वक्त प्रेरणा सीधे डंपर से टकराईं थी। वहीं, दोनों डंपर चालकों का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और रविवार को उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की तैयारी है। पीछे सीट बेल्ट न लगाने से बढ़ा खतरा
हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों और जांच से यह माना जा रहा है कि प्रेरणा पिछली सीट के बीच में बैठी थीं और उन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी। संभव है कि वह उस समय दोस्तों से बातचीत कर रही हों। तेज टक्कर होते ही वह आगे की ओर उछल गईं और कार का अगला हिस्सा पार करते हुए डंपर से जा टकराईं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, नए मॉडल की कारों में पिछली सीट पर भी तीन सीट बेल्ट दी जाती हैं, दो साइड और एक बीच वाले यात्री के लिए। भारत में अब पीछे बैठने वाले सभी यात्रियों के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। शराब के नशे में होने की पुष्टि
पुलिस का कहना है कि हादसे के वक्त ड्राइवर समेत सभी कार सवार शराब के नशे में थे। इसी कारण तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डंपर से टकराई। कार से जॉनी वॉकर ब्रांड की तीन खाली बोतलें, खाने-पीने का सामान और एक गिलास मिला है, जिस पर “Happy Birthday Prakhar” लिखा हुआ था।” कोको फॉर्म से मिली जानकारी के मुताबिक चारों रात करीब 1 से 1.15 बजे भोजन के बाद वहां से निकले थे। नाइट स्टे को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। सुबह घूमने के बाद घर लौटते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने दी थी भाई को हादसे की सूचना
पुलिस ने बताया कि मन रात 2 बजे पार्टी से अपने घर विष्णपुरी लौट आया था। प्रेरणा, प्रखर और अनुष्का पार्टी के बाद उसे घर से फिर ले गए। मन कार चला रहा था। डीसीपी के मुताबिक प्रेरणा घर नहीं पहुंची तो भाई विशाल ने कॉल किया था। जिसके बाद प्रेरणा को घर छोड़ने के लिए ये लोग आ रहे थे। विशाल का एक कॉल पुलिस ने उठाया और हादसे की जानकारी दी। रात में खड़े ट्रक बन चुके हैं जानलेवा
इस तरह के हादसे पहले भी हो चुके हैं। 22 जनवरी 2017 को राजेंद्र नगर क्षेत्र में गमले वाली पुलिया के पास युवाओं की कार खड़े ट्रक में घुस गई थी, जिसमें पांच लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 23 फरवरी 2021 को देवास नाका पर भी तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकराई थी, जिसमें छह लोगों की जान चली गई थी। यह खबर भी पढ़ें… ट्रक में घुसी कार…पूर्व मंत्री की बेटी समेत तीन मौत इंदौर में शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी। भीषण हादसे में पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन (26), प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल (25) और मानसंधु (26) की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी खबर यहां पढ़ें…


